अतुल्य भारत 24×7/मंडी
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के गोहर कॉलेज की एक छात्रा ने आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। लड़की के घर वालों ने एक स्थानीय युवक को उसकी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने लड़की की हत्या की आशंका जताई तथा युवक पर लड़की को तंग करने का आरोप लगाया है।
पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने मामले की पुष्टि की है। वहीं गोहर पुलिस थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया की मृतिका के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका सिमरन पुत्री पुर्णचंद निवासी सचिव कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। मंगलवार को लड़की के घर वाले घर पर नहीं थे। इस दौरान उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। लड़की के पिता ने बताया की चैल चौक का एक लड़का उसकी बेटी को परेशान करता था।
पिता ने बताया की इसकी शिकायत पहले भी पुलिस थाना में दी गई थी। 6 महीने पहले युवक को पकड़कर शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई थी। तब युवक ने माना था की वह आगे से लड़की को परेशान नहीं करेगा।
कुछ दिन सब ठीक रहा, लेकिन उसके बाद लड़के ने फिर से लड़की को परेशान करना शुरू कर दिया। पिता ने आरोप लगाया है कि युवक ने कॉलेज में जाकर उसकी लड़की को परेशान किया था। जिसके बाद उसने घर में आकर आत्महत्या करने जैसा कदम उठाया।