अतुल्य भारत 24×7/ब्यूरो
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में डलहौजी पर्यटन स्थल को विश्व प्रसिद्ध मिनी स्विजरलैंड खजियार के साथ रोपवे से जोड़ने की मांग जोर शोर से उठने लगी है। शिमला में मुख्यमंत्री सुक्खू के समक्ष विधायक डीएस ठाकुर ने प्राथमिकता प्रस्ताव में यह मांग रखी है। जिनकी जानकारी खुद डलहौजी के भाजपा विधायक डीएस ठाकुर ने साझा की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के दृष्टिगत विकसित करने की बात करते हैं और हिमाचल प्रदेश में यह काबिलियत है कि अगर उसे आधुनिक यातायात सुविधाओं से जोड़ा जाए तो वह पहाड़ी राज्य पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाने में कामयाब हो सकता हैं।
विधायक डीएस ने कहा की पर्यटन ही एकमात्र ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा हिमाचल प्रदेश की बेरोजगारी की समस्या से निपटा जा सकता है। डलहौजी खजियार के रोपवे से जुड़ने पर यह दोनों क्षेत्र पर्यटन व्यवसाय में अग्रणी स्थान प्राप्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में रोपवे सबसे आधुनिक और पर्यावरण हित से जुड़ा यातायात माध्यम है इसीलिए उन्हें अपने विधायक प्राथमिकता में इस बात को शामिल किया है। डीएस ठाकुर ने कहा कि जिला चंबा देश का आकांक्षी जिला है और ऐसे में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार की व्यवस्था करके इस जिला को अग्रणी जिला की सूची में शामिल किया जा सकता है।