अतुल्य भारत 24×7/ब्यूरो
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक ट्रैफिक कांस्टेबल ने ईमानदारी की अनूठी मिसाल पेश की है। कांस्टेबल निलांबर सिन्हा को सड़क पर लावारिस हालत में एक बैग मिला, जिसमें 45 लाख रुपये थे। कांस्टेबल निलांबर सिन्हा ने ईमानदरी की मिसाल कायम करते हुए उस बैग को पुलिस स्टेशन में जमा करवा दिया।
उन्होंने अपनी ईमानदारी से रायपुर पुलिस की छाती चौड़ी कर दी है। अब सोशल मीडिया पर भी हर तरफ कांस्टेबल की ईमानदारी की तारीफ की जा रही है। रुपयों से भरे इस बैग में जूलरी और कागजात भी थे। फिलहाल पुलिस इस बैग के मालिक की तलाश कर रही है। आयकर बिभाग की भी इसकी जानकारी दे दी गयी है।
बरिष्ठ अधिकारियों ने कांस्टेबल निलांबर सिन्हा को उनकी इस ईमानदारी के लिए सम्मानित करने की बात कही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ट्रैफिक कांस्टेबल को एयरपोर्ट के पास सड़क किनारे यह लावारिस बैग मिली। कांस्टेबल निलांबर सिन्हा सुबह 8:30 बजे ड्यूटी समाप्त कर माना कैम्प जा रहे थे।
रास्ते में राय पब्लिक स्कूल के पास सड़क किनारे सफ़ेद रंग का बैग दिखा। उन्होंने बैग खोलकर देखा तो उसमें 2000 और 500 रूपए के नोटों के बंडल भरे पड़े थे। जिसके बाद उन्होंने तुरंत यातायात DSP सतीश ठाकुर को फ़ोन करके इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने नोटों से भरे बैग को थाना सिविल लाइन में जमा करवा दिया। बैग के अंदर 45 लाख की नगद राशि मिली है।
लावारिस बैग में 45 लाख रुपए मिलने की घटना कोई आम बात नहीं है, किसी आशंका के चलते पुलिस ने रात को गश्त बढ़ा दी है। रायपुर शहर में बाहर से आने जाने वालों वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस इस बैग के मालिक की तलाश कर रही है रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कांस्टेबल की ईमानदारी की तारीफ की साथ ही IG और ASP ने कांस्टेबल निलांबर सिन्हा को इनाम देने की घोषणा की है।